
रामनाथ रावत
सीतापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विरुद्ध लगाए गए आपत्तिजनक एवं विवादित होर्डिंग को लेकर सोमवार को जिले का राजनीतिक पारा गरमा गया।

इस मामले के विरोध में सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इस पूरे घटनाक्रम में उस समय नया मोड़ आ गया जब सोमवार सुबह सपा सांसद आनंद भदौरिया ने खुद पोल पर चढ़कर उस विवादित और आपत्तिजनक होर्डिंग को नीचे उतारा।
होर्डिंग लगाए जाने की जानकारी मिलते ही सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने के बाद सपा नेताओं ने जिला प्रशासन और पुलिस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। सपा नेताओं का कहना है कि आपत्तिजनक होर्डिंग लगाने वाले दोषियों को तत्काल चिह्नित कर उनके खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, समाजवादी विचारधारा के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। इस तरह की ओछी राजनीति और हरकतों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर भारी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





