
रामनाथ रावत
सीतापुर। सिधौली कस्बा स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धेश्वर महादेव धाम में श्री सिद्धेश्वर रुद्र महायज्ञ एवं भक्ति ज्ञान संत सम्मेलन का बुधवार को अत्यंत भव्य और श्रद्धापूर्ण माहौल में शुभारंभ हो गया।
भक्तिमय भजनों और जयकारों के बीच निकाली गई भव्य जल कलश यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। महायज्ञ के प्रथम दिन बुधवार को आयोजित यह पावन कलश यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और मंदिरों से होते हुए भटपुर घाट स्थित गोमती नदी पहुँची। वहाँ विद्वान आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नदी की पूजा-अर्चना कराई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने कलशों में पवित्र गोमती जल भरा।
जयघोष और कीर्तन करते हुए यह कलश यात्रा वापस श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुँची। मंदिर परिसर में यज्ञ के मुख्य यजमान उत्तम मिश्रा और उनकी धर्मपत्नी सुनीता मिश्रा ने अपने पूरे परिवार के साथ पधारे हुए संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं का तिलक लगाकर व पुष्पवर्षा कर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया।
इसके बाद मुख्य यज्ञाचार्य अम्बादत्त त्रिपाठी और अन्य सहयोगी आचार्यों ने वैदिक विधि-विधान से कलश स्थापना कराई और पूजन-अर्चन के साथ महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया।इस पावन अवसर पर सनातन धर्म के कई पूज्य संतों का सानिध्य श्रद्धालुओं को मिला।
जिनमें प्रमुख रूप से स्वामी प्रकाशानंद सरस्वती जी महाराज (फलाहारी बाबा)पवन गिरि महाराज, महंत संतोष दास खाकी और महाराज स्वामी राजेंद्रानंद सरस्वती जी महाराज शामिल रहे। धार्मिक अनुष्ठान के इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष गंगाराम राजपूत, उत्तम मिश्रा, सोनू मिश्रा, पूनम मिश्रा, सभासद दिग्विजय शुक्ल, अनूप बाजपेई, आलोक जायसवाल, बच्चे बाजपेयी, धीरज मिश्रा, रामनरेश पाल,
अनूप श्रीवास्तव, अनुराग मिश्रा, वेद मिश्रा, हरि जायसवाल, ज्ञानेश पाल, रामनरेश राजपूत, जगदेव प्रसाद, सागर दीक्षित, शिवांक, विवेक मिश्र, प्रमोद राजपूत, रोहित पांडे तथा आचार्य सत्रोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक और हजारों की तादाद में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





