
रामनाथ रावत
सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मधवापुर अंतर्गत रसूलवा गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अज्ञात हिंसक जानवर ने खेत गए एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे में व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान रसूलवा गांव निवासी 50 वर्षीय कमल किशोर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कमल किशोर रोजाना की तरह अपने खेतों की तरफ गए थे। जब काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटे, तो चिंता बढ़ी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर उनकी तलाश शुरू की।
काफी खोजबीन के बाद गांव के बाहर उनका शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद भयावह और रूह कपा देने वाली थी। हिंसक जानवर के हमले में कमल किशोर का एक पैर और गर्दन बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो चुके थे। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल पर शव को कुछ दूरी तक घसीटे जाने के गहरे निशान भी मिले हैं। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि हमलावर कोई बड़ा और बेहद आक्रामक वन्यजीव है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वन विभाग के अधिकारी पैरों के निशान और हमले के तरीकों की बारीकी से जांच कर रहे हैं ताकि हिंसक जानवर की पहचान की जा सके। इस हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द जानवर को पकड़ने की मांग की है।



