अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री से मुस्लिम धर्मगुरूओं ने शिष्टाचार भेंट की

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज तथा नागरिक सुरक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह से आज मुस्लिम धर्मगुरूओं ने उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान धर्मपाल सिंह ने कहा कि राज्य सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

उप्र सरकार अल्पसंख्यकों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी नागरिकों के कल्याण के लिए अनवरत कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को भी प्रत्येक क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने और आधुनिक शिक्षा देने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है।
इस अवसर पर सरकार द्वारा हज यात्रियों की सहूलियतें बढ़ाये जाने, वक्फ सम्पत्तियों को कम्प्यूटरीकरण, मदरसा में आधुनिक शिक्षा लागू किये जाने पर चर्चा की गयी। इसके अतिरिक्त धर्मगुरूओं से अपील की कि वह अपने समाज में लोगों को आधुनिक शिक्षा के महत्व को समझाएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मदरसों में छात्र एवं छात्राओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरन्तर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार व राज्य सरकार अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को कौशल एवं हुनर से जोड़ने की दिशा में भी प्रभावी कदम उठा रही है।
इसके अतिरिक्त अल्पसंख्यकों के विकास के संबंध में सकारात्मक विषयों पर भी चर्चा की गयी। धर्मगुरूओं ने इस मौके पर अल्पसंख्यक समाज की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उनकी समस्याओं के प्रति बेहद संवेदनशील है और सरकार का संकल्प है कि समाज के प्रत्येक वर्ग के सर्वागीण विकास के लिए हरसंभव कार्य किये जायें। इस अवसर पर मुस्लिम धर्म गुरूओं ने भारत सरकार द्वारा नई हज नीति में हज यात्रियों को दी गई नई सहूलियतों पर मंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया। शिष्टाचार भेंट के दौरान अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी भी उपस्थित थे।
शिष्टाचार भेंट में मौलाना रजा हुसैन, मौलाना डाॅ0 हैदर मेंहदी, मौलाना अब्बास जैदी, मो0 इफ्तकार हुसैन, मौलाना जमील अहमद, मौलाना सै0 शबाहत हुसैन, मौलाना मजहर इमाम, उस्मा तैय्यब, मो0 शाज, सिराज खान, मो0 शोएब खान आदि उपस्थित थे।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com

Leave a Reply

Back to top button