केंद्रीय विश्वविद्यालय में सेंध लगाने वाली ‘बागरिया गैंग’ का पर्दाफाश, 8.75 लाख के जेवर-नकदी बरामद

बांदरसिंदरी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रेकी कराने वाला अंदरूनी सहयोगी भी गिरफ्तार

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर । अजमेर जिले की बांदरसिंदरी थाना पुलिस ने राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर और ग्राम चुरली में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए शातिर ‘बागरिया गैंग’ के तीन सदस्यों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख 75 हजार 900 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, मूल दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण लालचन्द कायल एवं वृत्ताधिकारी किशनगढ़ ग्रामीण आयुप वशिष्ठ के सुपरविजन में की गई।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 के नवंबर-दिसंबर और जनवरी 2026 के दौरान राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्टाफ क्वार्टर्स तथा ग्राम चुरली स्थित पुश्तैनी मकान में लगातार चोरी की वारदातें सामने आई थीं। इन घटनाओं में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई थी। मामले दर्ज होने के बाद थानाधिकारी दयाराम चौधरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और बीटीएस लोकेशन की मदद से विश्वविद्यालय परिसर में निर्माण कार्य कर रही कंपनियों के कर्मचारियों की गतिविधियों की पड़ताल की। इसी दौरान एक निजी कंपनी में कार्यरत कर्मचारी नाथूलाल गुर्जर की कॉल डिटेल संदिग्ध पाई गई, जिसके बागरिया गैंग से संपर्क सामने आए।

इसी बीच पीसांगन थाना पुलिस द्वारा नकबजनी के एक अन्य मामले में बागरिया गैंग के कुछ बदमाशों को गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिलने पर बांदरसिंदरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में नाथूलाल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में रेकी कर गैंग को सूचनाएं देने का खुलासा हुआ।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 38.51 ग्राम सोने के जेवरात, 411.27 ग्राम चांदी के जेवरात, 1 लाख 33 हजार रुपये नकद, परिवादिया रतन कंवर एवं प्रीति चारण के मूल दस्तावेज तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।

गिरफ्तार आरोपियों में लखन मोग्या (24) और नेमा बागरिया (42) निवासी खातोलाई, बांदरसिंदरी, पप्पू बागरिया (33) निवासी दूदू तथा रेकी करने वाला नाथूलाल गुर्जर (41) निवासी मुण्डोती शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी दयाराम चौधरी, कांस्टेबल अनिल कुमार, भागचन्द, बजरंग लाल, रामसिंह, चालक भोजराज तथा महिला कांस्टेबल संतरा और बीना धाभाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button