जिला अध्यक्ष पद से हटाए गए छत्रपाल सिंह को प्रदेश संगठन में जगह

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से संगठन का व्यापक विस्तार

रामनाथ रावत

सीतापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से संगठन का व्यापक विस्तार किया गया है। इसके तहत सीतापुर के पूर्व जिला अध्यक्ष छत्रपाल सिंह यादव को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया है।

हाल ही में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व ने एक बड़ा फेरबदल करते हुए छत्रपाल सिंह यादव को जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया था और उनकी जगह शमीम कौशर को सीतापुर का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया था। इस अचानक हुए बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं और कयासबाजियां तेज हो गई थीं। कई राजनीतिक विश्लेषक इसे स्थानीय समीकरणों में बदलाव के रूप में देख रहे थे, तो वहीं समर्थकों के बीच थोड़ी मायूसी भी देखी जा रही थी।

पार्टी के आधिकारिक पत्र के जारी होते ही उन तमाम चर्चाओं पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। अखिलेश यादव ने छत्रपाल सिंह यादव को प्रदेश सचिव बनाकर यह साफ संकेत दे दिया है कि संगठन में उनके अनुभव और वफादारी की अहमियत कम नहीं हुई है। उन्हें हटाना कोई कार्रवाई नहीं, बल्कि उन्हें बड़े कैनवास पर काम करने का मौका देना था। छत्रपाल सिंह यादव की इस महत्वपूर्ण और बड़ी नियुक्ति से स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों में भारी खुशी की लहर है।

खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि छत्रपाल सिंह यादव को प्रदेश संगठन में जगह मिलने से न केवल सीतापुर बल्कि आस-पास के पड़ोसी जिलों में भी पार्टी को एक नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उनके लंबे सांगठनिक अनुभव का लाभ आगामी चुनावों में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने में मिलेगा।

Back to top button