सीएम योगी ने आगरा मेट्रो ट्रेन के हाई स्पीड ट्रायल रन का किया शुभारंभ

आगरा वासियों को फरवरी 2024 में मिलेगी ‘आगरा मेट्रो ट्रेन’ की सेवा

लखनऊ/आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन पर आगरा मेट्रो के हाई स्पीड ट्रायल रन का बुधवार को शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम योगी ने आगरा मेट्रो ट्रेन और मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण भी किया। वहीं आगरा मेट्रो ट्रेन परियोजना के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की भी यूपीएमआरसी के अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा भी की।

विकास कार्यों की ली जानकारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को शाम करीब 5.45 बजे मथुरा से खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां से मुख्यमंत्री योगी ने सीधे सर्किट हाउस पहुंचकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से जिले में चल रहे विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। करीब आधा घंटा जनप्रतिनिधियों से बातचीत के बाद सीएम ने शाम 6.30 बजे प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने जनपद में चल रहे विकास कार्यों, सरकार द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति के बारे में अधिकारियों से बारीकी से जानकारी ली। इसके बाद शाम 7 बजे सीएम योगी आदित्यनाथ ने ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन कोच का फीता काटकर आगरा मेट्रो के हाई स्पीड ट्रायल रन का शुभारंभ किया। सीएम योगी ने मेट्रो ट्रेन कोच का जायजा भी लिया।

समय से पहले पूरी होगी परियोजना

सीएम योगी ने कहा कि आगरा के विकास के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जो नित नई परियोजनाएं आ रही है, मेट्रो उनमें से एक है। आगरा मेट्रो का शिलान्यास पीएम मोदी ने 2020 में किया था। आगरा मेट्रो परियोजना का प्रायोरिटी कॉरिडोर जो ताज पूर्वी गेट से लेकर आगरा के मन:कामेश्वर मंदिर तक 6 किमी का है, इस कार्य को 6 माह पूर्व ही पूरा कर लिया जाएगा। जो अगस्त 2024 में पूरा होना था, वह अब फरवरी 2024 में ही पूरा करने के लक्ष्य के साथ पहले एलिवेटेड तीन स्टेशन आगरा मेट्रो के बनकर तैयार हो चुके हैं।
आज मेट्रो की ट्रेन यहां उपलब्ध हो चुकी है और ट्रायल शुरू हो चुका है।  60 से 80 किमी प्रतिघंटा की स्पीड पर भी आगरा मेट्रो ट्रेन चलेगी, इसका ट्रायल आज से प्रारंभ होने जा रहा है। जिससे समय से प्रायोरिटी कॉरिडोर के 6 किमी के कार्य को फरवरी 2024 तक कंप्लीट करके आगरा वासियों को आगरा मेट्रो की सेवा यूपीएमआरसी के माध्यम से उपलब्ध कराया जा सके। यह कार्य आरम्भ होने जा रहा है।

विश्व स्तरीय होगी मेट्रो सेवा

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यूपीएमआरसी ने हमेशा मेट्रो परियोजनाओं को समय पर या समय से पहले निष्पादित किया है। इस बार भी हम आगरा के लोगों को तय समय सीमा से पहले विश्व स्तरीय मेट्रो सेवा पहुंचाने की उपलब्धि अर्जित करेंगे। बता दें कि आगरा मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत कुल 29.4 किलोमीटर लंबाई के दो कॉरिडोर हैं। पहला कॉरिडोर ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा तक जाता है और यह 13.7 किलोमीटर लंबा है। इस कॉरिडोर में 6 एलिवेटेड और 7 अंडरग्राउंड स्टेशन हैं। दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक जाता है और 15.7 किलोमीटर लंबा है। यह पूरा कॉरिडोर एलिवेटेड है जिसमें 14 मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।

आगरा मेट्रो ट्रेन की विशेषताएं

-आगरा मेट्रो रेल परियोजना के लिए मेट्रो ट्रेनों के लुक का अनावरण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 8 अगस्त 2022 को किया गया।
-सभी मेट्रो ट्रेन रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम से लैस हैं और इससे 35 प्रतिशत तक ऊर्जा की बचत होगी।
-ट्रेनों में कार्बन डाइऑक्साइड आधारित सेंसर भी लगे हैं जो ऊर्जा की बचत करते हैं।
-ट्रेनों का प्रबंधन और संचालन विश्व स्तरीय आगरा मेट्रो डिपो से किया जाएगा।
-स्वचालित सीबीटीसी मोड (कम्युनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल) से संचालित किया जाएगा, जिससे ट्रेन संचालन बिल्कुल सुरक्षित हो जाएगा।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com

Leave a Reply

Back to top button