लग्जरी कार से चोरी करने वाले हाईप्रोफाइल गिरोह का भंडाफोड़

72 लाख की गाड़ियां और जेवरात बरामद

रामनाथ रावत

सीतापुर। जिला पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अटरिया थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने लग्जरी कारों से आकर चोरी और नकबजनी करने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने घेराबंदी कर गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो हाई-प्रोफाइल दिखने के लिए ऑडी जैसी महंगी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे।


यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी सिधौली विशाल गुप्ता के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर अटरिया क्षेत्र के पहाड़ापुर चौराहा, रामपुर-भगौतीपुर रोड के पास से दोनों आरोपियों को उस समय दबोचा, जब वे चोरी के जेवरात बेचने लखनऊ जा रहे थे। पकड़े गए चोरों की पहचान योगेन्द्र चौहान (निवासी नरेंद्रपुर, सदरपुर, सीतापुर) और धर्मराज (निवासी बढ़ईडीहा, रेउसा, सीतापुर) के रूप में हुई है।

पुलिस ने इनके पास से एक सफेद रंग की ऑडी कार और एक सियाज कार बरामद की है, जिनकी कुल कीमत करीब 72 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपियों ने सियाज कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। इसके अलावा इनके पास से दो अवैध देसी तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने अटरिया और आसपास के इलाकों में हुई चोरी की बड़ी घटनाओं को स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के हार, लॉकेट, झाले और पायल समेत करीब 5 लाख रुपये के जेवरात बरामद किए हैं।

महंगी और लग्जरी गाड़ियों से रेकी और चोरी की घटनाओं को अंजाम

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी कार्यप्रणाली (एमओडी) का चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे जानबूझकर ऑडी और सियाज जैसी महंगी और लग्जरी गाड़ियों से रेकी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। हाई-प्रोफाइल गाड़ियों में होने के कारण ग्रामीण इलाकों में या रास्तों पर चेकिंग के दौरान पुलिस और आम जनता को उन पर जरा भी शक नहीं होता था। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सहयोगियों का पता लगाने में जुटी है।

Back to top button