ग्रामीण सेवा शिविर में पहुंचे संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल

अंत्योदय के संकल्प को साकार कर रही सरकार

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने शुक्रवार को पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत शिकारपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान जिला कलक्टर आलोक रंजन और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन के कल्याण और हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से ‘लक्ष्य-अंत्योदय, प्रण-अंत्योदय, पथ-अंत्योदय’ के संकल्प को धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ लोगों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में आमजन से जुड़े कार्यों का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।

विधि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक के कार्य को उसी दिन पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाए। लंबित प्रकरणों का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 22 विभागों से जुड़े विभिन्न कार्यों का संपादन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं को 5 वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है। अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 35 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 1 लाख 25 हजार पदों का भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है और सरकार के कार्यकाल में बिना पेपर लीक के 350 से अधिक परीक्षाएं आयोजित हुई हैं।

उन्होंने किसानों और पशुपालकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि खेत तलाई, फार्म पौंड, तारबंदी और कृषि यंत्रों पर सब्सिडी जैसी योजनाओं से किसानों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना और गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से पशुपालकों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।

मंत्री ने बताया कि शिविरों में आपसी सहमति से बंटवारे, राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धि और रास्ता खोलने जैसे प्रकरणों का भी निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

इस अवसर पर जोगाराम पटेल ने शिकारपुरा धाम स्थित श्री राजाराम जी महाराज मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने आश्रम के गादीपति महंत दयाराम जी महाराज से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

Back to top button