राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

कई इलाकों में गिरे ओले

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में शनिवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। वहीं शुक्रवार देर रात चली तेज आंधी और बूंदाबांदी से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 23 जिलों में आंधी, मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

शुक्रवार को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सीकर और चूरू सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। श्रीगंगानगर और चूरू के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। बारिश और ओलों के कारण कई स्थानों पर तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में उमस का असर बना रहा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 43.8, फतेहपुर में 43, बाड़मेर में 42.7, बीकानेर में 42.4 और चूरू में 42.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि

श्रीगंगानगर में दोपहर बाद मौसम बदला और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। कई क्षेत्रों में ओले गिरने से तापमान में गिरावट आई। चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र में भी ओलावृष्टि हुई। हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, बूंदी और बारां में देर शाम बादल छाने के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।

जयपुर में शनिवार सुबह हल्की बारिश हुई, जबकि शुक्रवार रात चली तेज हवाओं और बूंदाबांदी से मौसम सुहावना हो गया। सीकर में रातभर हुई बारिश से गर्मी का असर कम हुआ। चित्तौड़गढ़ में तेज हवाओं के चलते तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि आगामी घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, मेघगर्जन और बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम में इस बदलाव से प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Back to top button