डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने दिये झूठे मुकदमों और गैंगस्टरों पर सख्ती के निर्देश

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और अपराधों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सक्रिय एवं संगठित अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है। उन्होंने झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा धमकी देकर वसूली करने वाले गिरोहों पर प्रभावी प्रहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाए और उनके बैंक खातों व अन्य वित्तीय लेन-देन पर लगातार निगरानी रखी जाए।

बैठक में रेंज आईजी और पुलिस अधीक्षकों से आपराधिक घटनाओं की जानकारी लेते हुए डीजीपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि इससे पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हुआ है।

नशा तस्करी और साइबर अपराध पर विशेष फोकस

डीजीपी ने पुलिस अधीक्षकों को नशा तस्करी और नशे के प्रसार को रोकने के लिए कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पुलिसकर्मियों को अनुसंधान में नवीन तकनीकों के उपयोग का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया।

सड़क सुरक्षा अभियान वर्षभर चलाने के निर्देश

सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर विषय बताते हुए श्री शर्मा ने कहा कि एक हादसा पूरे परिवार को प्रभावित करता है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरी क्षेत्रों में लेन अनुशासन लागू कराने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षभर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने को कहा।

नीट परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

डीजीपी ने नीट परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी सहित जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरश: पालना सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button