
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना, पचपदरा (बालोतरा) से पेट्रोल और डीजल उत्पादन शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को शासन सचिवालय में परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पेट्रो उत्पादों का उत्पादन शीघ्र शुरू करने और शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव ने बताया कि रिफाइनरी में पेट्रोल एवं डीजल उत्पादन इसी माह शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने परियोजना की वर्तमान स्थिति, आधारभूत सुविधाओं के विकास और विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड परियोजना राजस्थान के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
समीक्षा बैठक में रिफाइनरी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को परियोजना के लंबित कार्यों में तेजी लाने और उत्पादन शुरू करने के लिए जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार, खान एवं पेट्रोलियम विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा, विशिष्ट शासन सचिव नम्रता वृष्णि सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





