भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में प्रवीण छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ। भारतीय संस्कृति के प्रति छात्र-छात्राओं में रूझान बढाने एवं प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रविवार को गायत्री पीठ पारा में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

अखिल विश्व गायत्री परिवार,शान्तिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित की गई परीक्षा में प्रवीण छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि विंग कमाण्डर डॉ. अनिल कुमार,पूर्व वाइस चांसलर एमिटी यूनिवर्सिटी द्वारा प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस परीक्षा में राजाजीपुरम के 45 विद्यालयों में 54000 बच्चों ने प्रतिभाग किया था। कार्यक्रम के दौरान न्यू पब्लिक स्कूल सूर्य नगर, की छात्रा आयूषी श्रीवास्तव को जोन में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए प्रथम व अंश यादव को द्वितीय व शिप्रा राठौर को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। पूरे राजाजीपुरम जोन में  भागीदारी के मामले में एसकेडी एकेडमी प्रथम, यशोदा गर्ल्स इण्टर कॉलेज द्वितीय व रेड रोज स्कूल को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन पूर्णिमा अवस्थी, सहायक प्रोफेसर बीबीडी यूनिवर्सिटी व डॉ. रूपम वर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान उपेन्द्र कुमार द्विवेदी समेत गायत्री पीठ के समस्त सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com

Leave a Reply

Back to top button