
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। राजस्थान पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाया जा रहा विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर चल रहे इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों, अवैध मॉडिफिकेशन कराने वालों तथा वाहनों पर अनधिकृत हूटर, बत्ती और काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दसवें दिन प्रदेशभर में विशेष नाकेबंदी और प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान कुल 9,703 वाहनों के विरुद्ध चालान, जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में संचालित अभियान के दौरान सबसे अधिक 3,638 वाहनों पर नियम विरुद्ध लगाई गई काली फिल्म के मामलों में कार्रवाई की गई। वहीं 2,450 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और पंजीयन चिन्ह पाए गए।
इसके अलावा 1,373 वाहनों पर अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन अंकित पाए जाने पर कार्रवाई की गई, जबकि 945 वाहनों में वाहन संरचना (बॉडी/चेसिस) में अवैध परिवर्तन किए जाने के मामले सामने आए।
अवैध हूटर-बत्तियों पर भी सख्ती
अभियान के दौरान पुलिस ने आमजन में प्रभाव और भय पैदा करने के उद्देश्य से वाहनों पर लगाई गई अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर के खिलाफ भी कार्रवाई की। इस दौरान 800 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि 497 प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न जब्त किए गए।
डॉ. मीणा ने कहा कि वाहन पर जाति, पद, संगठन अथवा अन्य अनाधिकृत शब्द लिखना, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाना, अवैध हूटर-बत्ती का उपयोग करना और काली फिल्म लगाकर वाहन चलाना कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





