जयपुर में दौड़ी राजस्थान की पहली इलेक्ट्रिक बसें

सीएम भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। राजस्थान में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में शनिवार को नई शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जयपुर में 29 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को अमर जवान ज्योति से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भीलवाड़ा में 18 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदेश में पर्यावरण अनुकूल, सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। शहरी परिवहन में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को प्रोत्साहन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगस्त 2023 में पीएम ई-बस सेवा योजना शुरू की थी। इस योजना के तहत केंद्र सरकार डिपो निर्माण, इलेक्ट्रिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बस संचालन में राज्यों को सहयोग प्रदान कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अमर जवान ज्योति पर इलेक्ट्रिक बस का पूजन कर उसका निरीक्षण किया। उन्होंने बस में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं जैसे पैनिक बटन, एसी, सीसीटीवी कैमरे सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ने टिकट लेकर अमर जवान ज्योति से स्टेट हैंगर तक ई-बस में सफर भी किया।

आठ जिलों के लिए केंद्र सरकार ने 675 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी

उन्होंने बताया कि पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर और अजमेर जिलों का चयन किया गया है। इन आठ जिलों के लिए केंद्र सरकार ने 675 इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी है। इसके अलावा 475 अन्य ई-बसें भी स्वीकृत की गई हैं। इस तरह प्रदेश को कुल 1150 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। प्रथम चरण में दीपावली तक 675 ई-बसों का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस ये बसें महिलाओं, दिव्यांगों, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का माध्यम बनेंगी। सीसीटीवी कैमरों जैसी सुविधाओं से यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत किया जाएगा। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेशवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी परिवहन के लिए 555 अतिरिक्त ई-बसें और पर्यटकों के लिए 50 डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। यह पहल विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने हरियालो राजस्थान अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रदेश में अब तक करीब 20 करोड़ पौधारोपण किया जा चुका है। उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ और हरियालो राजस्थान अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अध्यक्ष रवि जैन सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भीलवाड़ा से विधायक उदयलाल भड़ाणा, अशोक कोठारी सहित अन्य लोग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

Back to top button