तालाब किनारे मिला युवक का शव,सिर पर चोट के निशान

सिधौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर गांव में

रामनाथ रावत

सीतापुर। सिधौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव तालाब किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया।

मृतक के सिर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस इस मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है और शक की सुई मृतक के चचेरे भाई पर टिकी है।
मृतक की पहचान मानिकपुर निवासी संदीप (30 वर्ष) पुत्र बलराम के रूप में हुई है। बुधवार की सुबह जब ग्रामीण तालाब की तरफ गए, तो उन्होंने संदीप का शव वहां पड़ा देखा। शव मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही सिधौली कोतवाली प्रभारी विजयेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह, सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय संदीप घर पर बिल्कुल अकेला था। उसकी मां रामदेवी अपने मायके हरदोई (मंझिगवां गांव) गई हुई थीं और उसका भाई विवेक गुजरात में मजदूरी करता है। संदीप के सूने घर के बाहर एक चारपाई भी मिली है, जिससे कई कयास लगाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि संदीप की शादी करीब 5 साल पहले अटरिया थाना क्षेत्र के मनवां गांव की रहने वाली राजेश्वरी से हुई थी। दोनों की एक बेटी (माही) भी है, लेकिन घरेलू अनबन के चलते करीब एक साल पहले दोनों का तलाक हो चुका था।

पुलिस का बयान

दुर्गेश सिंह, एएसपी दक्षिणी, सीतापुर ने बताया की प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला लग रहा है। संदीप का मंगलवार की शाम को उसके चचेरे भाई गुड्डू के साथ शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी झगड़े के बाद संदीप की हत्या की गई है। पुलिस आरोपी चचेरे भाई की तलाश में दबिश दे रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button