
रामनाथ रावत
सीतापुर। सिधौली कस्बे में बेखौफ चोरों ने पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए हाइवे स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान को निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी और शराब की बोतलें समेटकर रफूचक्कर हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित सेल्समैन ने मामले की तहरीर स्थानीय पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मामला सिधौली कस्बे के हाइवे स्थित पकरिया चौराहे के समीप का है। मंगलवार की देर रात करीब दो चोर अपने मुंह पर कपड़ा बांधकर दुकान के पास पहुंचे। चोरों ने दुकान के किनारे लगे एक गेट का ताला तोड़ दिया और भीतर दाखिल हो गए। दुकान के अंदर घुसकर चोरों ने मंगलवार दिनभर की बिक्री के रुपये और शराब की बोतलें चोरी कर लीं। दुकान के सेल्समैन राजेश जायसवाल ने बताया कि दुकान के मालिक लखनऊ में रहते हैं और यहां तीन सेल्समैन काम करते हैं।
मंगलवार रात को सभी सेल्समैन रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर पता चला कि गोदाम का गेट भी किसी लोहे की रॉड से तोड़ा गया था। सेल्समैन के मुताबिक, चोर मंगलवार की कुल बिक्री के लगभग 50 से 60 हजार रुपये नगद और कुछ महंगी शराब की बोतलें समेट ले गए हैं। घटना की जानकारी तुरंत यूपी 112 पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें मुंह पर कपड़ा बांधे दो संदिग्ध चोर गल्ले से पैसा निकालते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और चोरों की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।





