
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। असम के जोरहाट में भारतीय वायु सेना के एएन-32 विमान हादसे में शहीद हुए अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत का पार्थिव शरीर सोमवार को विशेष विमान से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा। यहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधि, संसदीय कार्य एवं जयपुर जिले के प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, जिला कलक्टर संदेश नायक और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जय राठौड़ ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत के अदम्य साहस, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि के बाद सैन्य सम्मान के साथ शहीद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पांचोटा, जिला नागौर के लिए रवाना किया गया, जहां राजकीय एवं सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शहीद खेमाराम कुमावत ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।





