ट्रेनों में चोरी किये गये 62 मोबाइल के साथ दो गिरफ्तार

लखनऊ। जीआरपी चारबाग की टीम ने यात्रियों से चोरी किए गए करीब 10 लाखों रुपए कीमत के 62 मोबाइल बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी चोरी किए गए मोबाइलों को पश्चिम बंगाल और झारखंड में बेच देते थे। पुलिस इसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

पुलिस उपाधीक्षक रेलवे संजीव कुमार सिन्हा ने बताया कि सफर के दौरान यात्रियों से लूटपाट चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अभियुक्तों की धर- पकड़ में लगी चारबाग जीआरपी की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उन्होंने बताया कि यूपी के विभिन्न जनपदों से यात्रियों का मोबाइल चोरी कर उन्हें पश्चिमी बंगाल समेत झारखंड में बेचने वाले दो लोगों को प्रभारी निरीक्षक बलवीर सिंह यादव ने अपनी टीम के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है।

जिनकी पहचान राजू प्रसाद नोनिया निवासी धीमोमेन कलेक्टरी न्यू क्वाटर, खरमबाद थाना कुल्टी जनपद बर्धमान राज्य पश्चिम बंगाल समेत बंटी कुमार पंडित निवासी दरला घाट तीनपहाड़ थाना राजमहल जनपद साहबगंज झारखण्ड के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक बलबीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए चोर रायबरेली में बस अड्डे के पास में किराए के मकान में रह रहे थे।

जिनके और भी साथी हैं जो अलग-अलग जनपदों में जाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इनके पास से पहले भी कानपुर में चोरी के 40 मोबाइल बरामद किए गए थे। इस मामले में यह जेल गए थे। पकड़े गए अभियुक्त चलती ट्रेन ,प्लेटफार्म व सर्कुलेटिंग एरिया में भीडभाड देखकर व यात्रियों के सो जाने पर मोबाइल आदि सामान की लूट व चोरी करते है।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com
Back to top button