दो वाहनों की भिड़ंत, पांच लोगों की मौत

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में रविवार की रात गोवर्धन स्थित गिरिराज पर्वत की परिक्रमा कर राजस्थान लौट रहे श्रद्धालुओं की कार कठूमर के समीप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे एक ट्रॉले (माल ढोने में इस्तेमाल होने वाला वाहन) में जा टकराई। पुलिस ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए।

कठूमर के थानाध्यक्ष कमल सिंह के मुताबिक, मृतकों के स्थानीय परिजनों ने बताया, निकटवर्ती अलवर जिले के मालाखेड़ा निवासी वीरेंद्र सिंह राजपूत का परिवार परिक्रमा लगाने गोवर्धन आया था। उनके मुताबिक रविवार की रात वे सभी परिक्रमा लगाकर वापस लौट रहे थे कि तभी कठूमर के पास कार चालक को झपकी आ गई और उनकी गाड़ी ट्रॉले में जा घुसी।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में मालाखेड़ा के जमालपुर निवासी वीरेंद्र सिंह (26), उनकी बहन पूनम (28), बहनोई सुरेंद्र, वीरेंद्र के चचेरे भाई अंकित (10) व बहन शिवानी (18) की मौत हो गई। दुर्घटना में वीरेंद्र का 10 वर्षीय भांजा पूरब और वीरेंद्र की पत्नी जूली चौहान व उसके भाई की पत्नी रश्मि घायल हो गए हैं।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com

Leave a Reply

Back to top button