राजस्थान पुलिस में यंग प्रोफेशनल्स की भर्ती मिलेगा, 45 हजार मासिक मानदेय

राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने पुलिसिंग को आधुनिक, तकनीक आधारित और डेटा संचालित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने पुलिसिंग को आधुनिक, तकनीक आधारित और डेटा संचालित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘यंग प्रोफेशनल्स’ के पांच पदों पर संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधारित भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को ₹45,000 प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा तथा उनकी नियुक्ति एक वर्ष के लिए पुलिस मुख्यालय, जयपुर में की जाएगी।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा की पहल पर शुरू की गई इस भर्ती प्रक्रिया के तहत क्राइम डेटा एनालिस्ट, नवीन न्याय संहिताओं की मॉनिटरिंग, रोड सेफ्टी, ड्रग कंट्रोल और एआई इन पुलिसिंग के लिए एक-एक पद भरे जाएंगे।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि चयनित युवा विशेषज्ञ महिला एवं बाल अपराध सहित विभिन्न अपराधों के आंकड़ों का विश्लेषण, भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग, सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का अध्ययन, मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का विश्लेषण तथा पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने का कार्य करेंगे।

उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र का प्रारूप, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा तथा अन्य आवश्यक जानकारी राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की जांच के बाद लिखित परीक्षा, प्रायोगिक परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।

इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों की एक पीडीएफ तैयार कर ई-मेल के माध्यम से adgp.reorganisation@rajpolice.gov.in पर भेज सकते हैं। आवेदन ऑफलाइन भी पुलिस मुख्यालय, लालकोठी, जयपुर स्थित कक्ष संख्या-217 में व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के जरिए जमा किए जा सकते हैं।

विज्ञापन प्रकाशित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर आवेदन पुलिस मुख्यालय में प्राप्त होना आवश्यक है। विभाग ने अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़े किसी भी अपडेट के लिए नियमित रूप से राजस्थान पुलिस की वेबसाइट देखने की सलाह दी है।

Back to top button