
रामनाथ रावत
सीतापुर। तंबौर-लहरपुर मार्ग पर मानवीय संवेदनाओं को तार-तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पहलवान सिंह पुरवा के पास सड़क किनारे एक लगभग 10 दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली।
जून की चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच मासूम बच्ची भूख और प्यास से तड़प रही थी। सड़क से गुजर रहे स्थानीय युवकों की नजर जब तड़प रही मासूम पर पड़ी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। युवकों ने बिना वक्त गंवाए सूझबूझ दिखाई और बच्ची को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुँचाकर स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बृजेश कुमार राय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के वक्त एक संदिग्ध महिला और पुरुष मोटरसाइकिल पर सवार होकर जालिमपुर मड़ोर की तरफ तेजी से जाते देखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि लोक-लाज या बेटी होने के कारण ही निर्दयी माता-पिता ने मासूम को मौत के मुँह में छोड़ दिया पुलिस ने नवजात बच्ची को तत्काल इलाज और उचित देखभाल के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया है, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि संदिग्धों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





