
रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन
जयपुर। राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार 1 जून से शुरू होगी। निर्वाचन के तहत उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके लिए राजस्थान विधानसभा में कक्ष संख्या 112 आवंटित किया गया है।
राज्यसभा चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर भारत भूषण शर्मा ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र विधानसभा भवन के कक्ष संख्या 106 में उनके समक्ष अभ्यर्थी अथवा उसके किसी प्रस्तावक द्वारा प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को दोपहर 1:30 बजे विधानसभा भवन के भूतल स्थित कक्ष संख्या 751 में की जाएगी। वहीं, अभ्यर्थी 11 जून को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
रिटर्निंग ऑफिसर के अनुसार यदि मतदान की आवश्यकता हुई तो 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी।





