नशे के सौदागरों पर ANTF का चौतरफा प्रहार, एक दिन में चार बड़ी कार्रवाई

राजस्थान को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF)

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। राजस्थान को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने एक ही दिन में प्रदेश के तीन जिलों में चार बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में एएनटीएफ की टीमों ने जालोर, ब्यावर और जयपुर में स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान अफीम, स्मैक, गांजा और नशे की बिक्री से अर्जित नकदी जब्त कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि पहली कार्रवाई जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने जुठाराम देवासी (48) के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान रसोईघर में छिपाकर रखी 938 ग्राम अवैध निर्मित अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।

ब्यावर सिटी

ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में दूसरी कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ ने स्मैक की सप्लाई करने आए पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। कंचन पेट्रोल पंप के पास गली में स्कूटी से पहुंचे दीपक कुमार (45) और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (43) की तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी से 24.88 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक और स्कूटी जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

जयपुर ग्रामीण के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र

जयपुर ग्रामीण के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में तीसरी कार्रवाई की गई। पूर्णिमा कॉलेज के पीछे महात्मा गांधी पुलिया के पास झुग्गी क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने टोंक निवासी शरबत देवी (55) को पकड़ा। उसके कब्जे से 335 ग्राम गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक और मादक पदार्थ बिक्री से प्राप्त 21,500 रुपये नकद बरामद किए गए।

जयपुर शहर के नारायण विहार थाना क्षेत्र

वहीं, जयपुर शहर के नारायण विहार थाना क्षेत्र की जयशंकर कॉलोनी में चौथी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाली देवी (32) को पकड़ा। तलाशी में उसके बैग से 142 ग्राम गांजा और 2,000 रुपये नकद मिले। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की भूमिका की सराहना

एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने कार्रवाई को सफल बताते हुए इसमें शामिल एएनटीएफ टीमों के साथ भीनमाल पुलिस जालोर, ब्यावर सिटी पुलिस, शिवदासपुरा और नारायण विहार थाना पुलिस की भूमिका की सराहना की है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

आईजी विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई व्यक्ति नशे के कारोबार में लिप्त है तो इसकी सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 और व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Back to top button