अनियंत्रित होकर पलटा ट्रैक्टर, तीन किशोर गंभीर रूप से घायल

सिधौली थाना क्षेत्र के ग्राम लक्षमनपुर के निकट

रामनाथ रावत

सीतापुर।सिधौली थाना क्षेत्र के ग्राम लक्षमनपुर के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ खेत जोतने जाते समय एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया।

जानकारी के अनुसार, लक्षमनपुर गाँव के पास यह हादसा उस समय हुआ जब किशोर ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में जितेंद्र (18 वर्ष) पुत्र नन्दा, सत्येंद्र (14 वर्ष) पुत्र गुड्डू व प्रमोद (16 वर्ष) पुत्र सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन सभी घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिधौली लेकर आए।

यहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद प्रमोद (16) की हालत को बेहद गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ उसे भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, प्रमोद की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।

Back to top button