नशे के तस्करों पर ANTF का बड़ा प्रहार

गैस कटर से ट्रक के गुप्त चैंबर काटकर निकाला 517 किलो डोडा चूरा

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में छह ऑपरेशन को अंजाम दिया।

भीलवाड़ा, करौली, बाड़मेर, नागौर और उदयपुर में हुई इन कार्रवाइयों में करीब 92 लाख रुपये कीमत का अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया और छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों के तहत स्थानीय पुलिस के सहयोग से चलाए गए अभियान में 519.290 किलोग्राम डोडा चूरा, गांजे के 139 पौधे, स्मैक और अफीम बरामद की गई। इसके साथ ही तीन वाहन भी जब्त किए गए।

भीलवाड़ा में ट्रक के गुप्त चैंबर से मिला 517 किलो डोडा चूरा

सबसे बड़ी कार्रवाई भीलवाड़ा के मांडल क्षेत्र में हुई। सूचना के आधार पर एएनटीएफ टीम ने चित्तौड़गढ़ से बाड़मेर जा रहे एक ट्रक को पकड़ा। चालक प्रकाश जाट ट्रक लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

जांच में ट्रक का पिछला हिस्सा खाली मिला, लेकिन शक होने पर गैस कटर से ट्रक की बॉडी, चेचिस, केबिन और फर्श में बनाए गए गुप्त चैंबरों को काटा गया। इन चैंबरों से 517.07 किलोग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए नंबर प्लेट पर टेप भी लगा रखा था।

करौली में बगीची में हो रही थी गांजे की खेती

करौली के हिण्डौन सिटी में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बगीची से गांजे के 139 हरे पौधे बरामद किए। करीब 0.23 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस ने जमीन मालिक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है।

बाड़मेर में कैफे और कपड़ा दुकान की आड़ में नशे का कारोबार

बाड़मेर के चौहटन में मारवाड़ टी एंड कैफे पर दबिश देकर पुलिस ने 1.806 किलो डोडा चूरा, 75 ग्राम अफीम और 3600 रुपये नकद बरामद किए। वहीं धनाऊ में रमेश वस्त्र भंडार से 448 ग्राम डोडा चूरा बरामद कर दुकान संचालक को गिरफ्तार किया गया।

उदयपुर में स्कूटी से गांजा बरामद, नागौर में स्मैक तस्कर गिरफ्तार

उदयपुर के सविना क्षेत्र में पुलिस ने स्कूटी सवार दो युवकों को पकड़ा, जिनके पास से 483.9 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं नागौर सदर थाना क्षेत्र में बिना नंबर की बोलेरो से स्मैक बेच रहे आरोपी नाथूराम जाट को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 7 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

सूचना देने की अपील

एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीमों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के कारोबार से जुड़ी जानकारी एएनटीएफ नियंत्रण कक्ष के नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सएप नंबर 9261225056 पर साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Back to top button