संस्कार स्किल सेंटर के कैंपस प्लेसमेंट शिविर में 227 युवाओं का चयन

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर, 30 जून। राज्य सरकार के कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के तहत संभागीय रोजगार कार्यालय की ओर से मंगलवार को संस्कार स्किल सेंटर, कांटा चौराहा, झोटवाड़ा में एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट एवं करियर मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में करीब 400 बेरोजगार युवाओं ने भाग लिया। विभिन्न निजी संस्थानों द्वारा उपलब्ध रोजगार अवसरों के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में 227 युवाओं का प्रारंभिक चयन किया गया।

संभागीय रोजगार कार्यालय, जयपुर की संयुक्त निदेशक नवरेखा ने बताया कि शिविर में निर्माण, स्टाफिंग, टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, सूचना प्रौद्योगिकी, फाइनेंस, बैंकिंग और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े करीब 13 निजी संस्थानों ने भाग लिया। इन संस्थानों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही करियर विकास से जुड़ी जानकारी भी दी।

उन्होंने युवाओं को विभागीय योजनाओं और रोजगार से संबंधित अवसरों की जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कनिष्ठ रोजगार अधिकारी चंद्र प्रकाश मीणा ने प्रतियोगी परीक्षाओं एवं एनसीएस पोर्टल के बारे में जानकारी दी, जबकि आरएसएलडीसी के जिला कौशल समन्वयक राहुल यादव ने कौशल प्रशिक्षण योजनाओं की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में संस्कार इन्फोटेक के निदेशक लोकेश कुमार मीणा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। शिविर के आयोजन में चंद्रभान चारण, योगिता वर्मा एवं रजनीश खलवा का सहयोग रहा।

Back to top button