
रामनाथ रावत
सीतापुर। प्रेमनगर उत्तरी मोहल्ले में नवविवाहिता रुचि (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सिधौली कोतवाली पुलिस ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है।
मृतका के भाई की तहरीर पर पति दीपू शर्मा समेत ससुराल पक्ष के पांच नामजद लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और दहेज निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रुचि की मौत का सही कारण स्पष्ट करने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का बारीकी से अध्ययन किया जा रहा है। चूंकि पुलिस ने मृतका का बिसरा सुरक्षित रखवाया है।
बिसरा रिपोर्ट आने से यह साफ हो सकेगा कि रुचि को कोई जहरीला पदार्थ दिया गया था या मौत की वजह कुछ और थी। विवेचना अधिकारी जल्द ही मृतका के मायके पक्ष के लोगों के विस्तृत बयान दर्ज करेंगे। भाई द्वारा लगाए गए प्रताड़ना, मोटरसाइकिल, फ्रिज और एक लाख रुपये नकद की मांग के आरोपों के पुलिस साक्ष्य जुटा रही है।
वहीं, आस-पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना वाले दिन घर के भीतर हुए घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही नामजद आरोपी—पति दीपू शर्मा, देवर मोनू शर्मा, ननद रोशनी, गुड़िया शर्मा और सुमन शर्मा पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
प्रभारी निरीक्षक, सिधौली कोतवाली
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। कानून व्यवस्था और निष्पक्ष जांच के तहत दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।





