
रामनाथ रावत
सीतापुर। तहसील सिधौली के कमलापुर थाना अंतर्गत ग्राम रघुराजपुर (मजरा-सीतारसोई) में स्थित ऐतिहासिक नागेश्वर धाम मंदिर की भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जा करने का मामला सामने आया है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई और मंदिर परिसर को सुरक्षित करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, रघुराजपुर गांव में अत्यंत प्राचीन नागेश्वर धाम मंदिर स्थापित है। यहां भगवान शिव, नागेश्वर, हनुमान जी और मां दुर्गा की मूर्तियां विराजमान हैं। मंदिर के ठीक सामने की ग्राम सभा की भूमि पर पूर्वजों के समय से ही श्रीमद्भागवत कथा, हर पूर्णिमा को मेला और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शांतिपूर्वक होते आए हैं। इस स्थान से पूरे क्षेत्र की गहरी आस्था जुड़ी हुई है।
शिकायती पत्र के मुताबिक, 26 जुलाई को दोपहर जब गांव के पुरुष अपने-अपने काम पर गए थे, तभी मजरा सोनारी (सीतारसोई) के निवासी लवलेश उर्फ गुड्डू, तेज कुमार, विशुन कुमार, दुर्गेश, चन्द्र मिश्रा और संजू मिश्रा अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ एक राय होकर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। इन लोगों ने मंदिर के सामने स्थित ग्राम सभा की सुरक्षित भूमि को जबरन जोतना शुरू कर दिया।
मौके पर मौजूद गांव की महिलाओं ने इसका कड़ा विरोध किया और तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीआरवी 112 की टीम ने हस्तक्षेप कर विपक्षीगणों को आगे जोतने से रोक दिया।आरोप है कि पुलिस मौजूदगी में ही विपक्षीगणों ने एकजुट होकर वहां मौजूद एससी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के ग्रामीणों को सरेआम जातिसूचक शब्द कहे।
दबंगों ने महिलाओं और ग्रामीणों को अभद्र गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों का कहना है कि विपक्षी अत्यंत दबंग और अराजक किस्म के व्यक्ति हैं, जो सत्ता और बल के रसूख पर ग्राम सभा की सरकारी भूमि को हड़पना चाहते हैं। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में घनश्याम, संकटा प्रसाद, रिंकी, मुन्नी देवी, रामकली, मोहिनी, फूलमती आदि ग्रामीणों ने कहा है कि यदि इस पवित्र भूमि पर अवैध कब्जा होता है, तो पूरे क्षेत्र की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचेगी।
इससे गांव में कभी भी शांति व्यवस्था भंग हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सुरक्षित भूमि को हमेशा के लिए अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए और दोषियों पर सख्त विधिक कार्रवाई की जाए।





