टीजीटी भर्ती के 624 पदों पर जनपद आवंटन जारी

16 विषयों के चयनित अभ्यर्थी वेबसाइट पर देखें आवंटन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती विज्ञापन संख्या-02/2022 के तहत चयनित 624 अभ्यर्थियों का जनपद आवंटन जारी कर दिया है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर अपना आवंटन देख सकते हैं।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 16 विषयों – भौतिक विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षा शास्त्र, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी एवं कला – के लिए लिखित परीक्षा 9 और 10 मई 2026 को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा का परिणाम 2 जून को घोषित हुआ और सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 15 से 27 जून तक हुआ। इसके बाद नियमावली 1998 के नियम 12(8) के तहत 7 जुलाई को अंतिम चयन परिणाम घोषित किया गया था।

अब नियम 12(10) के तहत चयनित अभ्यर्थियों का जनपद आवंटन किया गया है। डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Back to top button