अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के सूत्रधार और द ड्रीम स्कूल के संस्थापक विमलेश शुक्ल का निधन

सिधौली के प्रतिष्ठित श्री गांधी इंटर कॉलेज के मानविकी विभाग के सेवानिवृत्त प्रवक्ता

रामनाथ रावत

सीतापुर।सिधौली के प्रतिष्ठित श्री गांधी इंटर कॉलेज के मानविकी विभाग के सेवानिवृत्त प्रवक्ता विमलेश चन्द्र शुक्ल को नगर के सैकड़ों नागरिकों की उपस्थिति में अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी गई।

गौरतलब है कि गत दिवस उपचार के दौरान लखनऊ में उनका निधन हो गया था। उनके निधन से क्षेत्र के शैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। स्वर्गीय शुक्ल अपनी विनम्रता, विद्वता एवं सामाजिक सरोकारों के लिए नगर में विशेष रूप से जाने जाते थे।

सृजन इंटरनेशनल (कान्हमऊ), द ड्रीम स्कूल (मास्टरबाग) तथा सरस्वती फाउंडेशन की स्थापना एवं विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। सरस्वती फाउंडेशन के तत्वावधान में उन्होंने श्री गांधी इंटर कॉलेज में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन को सफल बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया था, जिसे आज भी नगरवासी बड़े आदर के साथ स्मरण करते हैं।

उनके निधन पर नगर के शिक्षकों, साहित्यकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।

Back to top button