शिव भक्तों की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन

सावन के दूसरे सोमवार को शिव भक्तों की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए सिधौली पुलिस

रामनाथ रावत

सीतापुर। सावन के दूसरे सोमवार को शिव भक्तों की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए सिधौली पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन द्वारा नियुक्त विशेष वॉलिंटियर्स ने भी जमीन पर उतरकर मोर्चा संभाला।

इस महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर प्रसिद्ध नैमिषारण्य तीर्थ स्थल होने के कारण कांवड़ यात्रियों का आवागमन सबसे अधिक देखने को मिला। इसे देखते हुए इस मार्ग पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए थे।

मिश्रिख मार्ग पर बाड़ी चौकी प्रभारी दीपक राठौड़, हेड कांस्टेबल धीरेंद्र प्रताप सिंह, सिपाही वागेश यादव,अंकुर मिश्रा सहित वॉलिंटियर्स मुस्तैद रहे। जलाभिषेक के लिए सुबह से ही मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

शांति व कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस बल के साथ विशेष वॉलिंटियर्स ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया। ये वॉलिंटियर्स न केवल भीड़ नियंत्रण में पुलिस की मदद कर रहे थे, बल्कि बुजुर्ग व असहाय श्रद्धालुओं को सुलभता से दर्शन कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

Back to top button