पारख महासंघ 5 अक्टूबर को सिधौली में निकालेगा ‘आत्म सम्मान यात्रा’

सिधौली स्थित पदमा लान में बुधवार को एक बैठक का आयोजन

रामनाथ रावत

सीतापुर। सिधौली स्थित पदमा लान में बुधवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और पारख महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल किशोर ने लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित हुई ऐतिहासिक रैली की सफलता पर चर्चा की।

उन्होंने रैली में सिधौली विधानसभा क्षेत्र से भारी संख्या में शामिल हुए लोगों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल किशोर ने कहा कि पारख महासंघ का मुख्य उद्देश्य देश में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू कराना है। इसके साथ ही समाज को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान क्रांतिकारियों के विचारों और उनके उद्देश्यों को स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ी उनके आदर्शों को सीख सके। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 5 अक्टूबर को सिधौली विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य ‘आत्म सम्मान यात्रा’ निकाली जाएगी।

यह यात्रा अटरिया-नीलगांव रोड से शुरू होकर भंडिया, मास्टरबाग, कसमंडा, बहरीमऊ, बसहीडीह रोड से होते हुए कुचलाई पहुंचेगी। इसके बाद कबीरपुर और टड़वा से गुजरते हुए इस यात्रा का भव्य समापन रेउरी गांव में किया जाएगा।

प्रधान लालजी भार्गव और पारख महासंघ के विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप वर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि इस आत्म सम्मान यात्रा का मार्ग में पड़ने वाले 10 प्रमुख स्थानों पर जोरदार स्वागत किया जाएगा।

इस यात्रा में पारख महासंघ के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे।

Back to top button