सिधौली नगर पंचायत ने सफाई मित्रों को किया सम्मानित

सिधौली नगर पंचायत सभागार में बुधवार को सफाई मित्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

रामनाथ रावत

सीतापुर। सिधौली नगर पंचायत सभागार में बुधवार को सफाई मित्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

इस विशेष समारोह में नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाए रखने में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान देने वाले सफाई मित्रों को नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पीपीई किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर सफाई मित्रों का हौसला बढ़ाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा, “सफाई मित्र हमारे समाज के असली नायक हैं। भीषण गर्मी, बरसात या कड़ाके की ठंड हो, ये बिना रुके हमारे नगर को स्वच्छ रखने के लिए तत्पर रहते हैं। इनके निस्वार्थ कार्यों और सेवा भाव की जितनी भी सराहना की जाए, वह कम है।

नगर पंचायत सिधौली को एक आदर्श और स्वच्छ क्षेत्र बनाने में हमारे इन मित्रों का सबसे बड़ा योगदान है। हम इनके बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, और यही कारण है कि इन्हें सुरक्षा उपकरणों से लैस किया जा रहा है।”
सम्मान से उत्साहित सफाई मित्रों ने भी पूरी निष्ठा के साथ नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा बेहतर बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर सभासद व कर्मचारी दिग्विजय शुक्ला ‘मुन्नन’, गीता भार्गव, राजेन्द्र कुमार, राहुल और निशां रावत सहित अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Back to top button