
रामनाथ रावत
सीतापुर। संदना थाना पुलिस ने बहुचर्चित छात्रा मानसी हत्याकांड के मुख्य आरोपी विशाल पाल को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस टीम आरोपी विशाल पाल को मानसी हत्याकांड से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए रामपुर मढ़िया रोड पर ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने शौच का बहाना बनाया और पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी विशाल के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल पाल ने घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया है। आरोपी ने बताया कि 25 मई को मृतका के गर्भवती हो जाने के कारण उसे बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में लाया था जहा शादी की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान उसने मानसी की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
बताते चले कि बीती 25 मई को मानसी अपने घर से ग्राम कुचलयी स्थित महाविद्यालय जाने हेतु निकली थी, किन्तु वापस घर नहीं लौटी थी,जिसके संबंध में थाना संधाना पर अभियोग पंजीकृत कर विवेचना की जा रही थी। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं अभियुक्त विशाल पाल निवासी ग्राम सरैया, थाना संधाना, जनपद सीतापुर से छताछ के
आधार पर थाना संधाना पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर थाना बीकेटी क्षेत्रांतर्गत ग्राम देवरई कला के निकट स्थित जंगल क्षेत्र में पहुंची। तलाशी के दौरान मौके से अपहृता द्वारा पहने गए कपड़े, एक चप्पल, कंकालनुमा खोपड़ी, कुछ अस्थियां एवं बाल आदि बरामद किए गए। मौके पर उपस्थित परिजनों द्वारा बरामद कपड़ों एवं अन्य अवशेषों की पहचान अपहृता मानसी के रूप में की गई।





