
रामनाथ रावत
सीतापुर। लोकमंगल की भावना और अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतारते हुए शनिवार को सिधौली ब्लॉक कार्यालय पर जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
ब्लॉक प्रमुख राम बख्श रावत ने खुद मोर्चा संभालते हुए क्षेत्र के दूर-दराज से आए ग्रामीणों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान प्रमुख रूप से विकास कार्यों, पेयजल, और समाज कल्याण योजनाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। ब्लॉक प्रमुख ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से हल करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राम बख्श रावत ने कहा कि सरकार की मंशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। जनता की समस्याओं का सीधे संवाद के जरिए समाधान करना ही लोकमंगल का असली उद्देश्य है। ब्लॉक प्रशासन हर नागरिक की समस्या के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।





