विश्व कल्याण के संकल्प के साथ सीतापुर पुलिस लाइन में संपन्न हुआ भव्य योग कार्यक्रम

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर रविवार को जनपद सीतापुर की पुलिस लाइन स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल ओपन

रामनाथ रावत

सीतापुर।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर रविवार को जनपद सीतापुर की पुलिस लाइन स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल ओपन हॉल में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता कारागार राज्यमंत्री (उ0प्र0) सुरेश राही, जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा संयुक्त रूप से की गई। कार्यक्रम में सभी अधिकारीगणों ने स्वयं उपस्थित रहकर उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।

इस आयोजन की मुख्य विशेषता यह रही कि योग सत्र के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री  के साथ लाइव योगाभ्यास किया गया। देश के प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअली जुड़कर योग करने से उपस्थित सभी अधिकारियों व पुलिसकर्मियों में एक नई ऊर्जा, प्रेरणा और उत्साह का संचार हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस विभाग की ड्यूटी बेहद तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण होती है। ऐसे में नियमित योगाभ्यास पुलिसकर्मियों को मानसिक रूप से शांत और शारीरिक रूप से फिट रखने में संजीवनी का कार्य करता है।

उन्होंने सभी जवानों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की ताकि वे पूरी ऊर्जा के साथ जनसेवा कर सकें।कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, भारी संख्या में पुलिसकर्मी व महिला पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने सामूहिक रूप से दिशा-निर्देशों के अनुसार विभिन्न योगासन, कपालभांति, अनुलोम-विलोम व प्राणायाम किए। अंत में, विश्व कल्याण और शांति के संकल्प के साथ यह भव्य कार्यक्रम अत्यंत शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Back to top button