सड़क हादसों को लेकर हिंदू सुरक्षा सेवा संघ ने जिलाधिकारी सौंपा पत्र

शहर की सड़कों पर बने त्रुटिपूर्ण डिवाइडर अब आम जनता की जान के लिए आफत

रामनाथ रावत

सीतापुर। शहर की सड़कों पर बने त्रुटिपूर्ण डिवाइडर अब आम जनता की जान के लिए आफत बन चुके हैं। इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंगलवार को उत्तर प्रदेश हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान ने जिलाधिकारी राजा गणपति आर को एक मांग पत्र सौंपा।

जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र में संगठन ने जी.आई.सी. चौराहे से लेकर चुंगी चौराहे के बीच बने खराब व त्रुटिपूर्ण डिवाइडर का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। पत्र के माध्यम से डीएम को अवगत कराया गया कि इस मार्ग पर डिवाइडर के गलत निर्माण के कारण आए दिन भीषण सड़क हादसे हो रहे हैं। राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा हर वक्त खतरे में बनी रहती है। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ ने आम जनमानस की सुरक्षा और जीवन रक्षा को सर्वोपरि बताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की अपील की है।

संघ ने मांग की है कि इस विवादित और खतरनाक डिवाइडर को या तो तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए या फिर इसे मार्ग से पूरी तरह हटा दिया जाए, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने संघ के पदाधिकारियों को निराश नहीं किया। उन्होंने विषय को बेहद गंभीर मानते हुए इस पर तत्काल प्रभाव से सकारात्मक और त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिया है। जिला प्रशासन के इस रुख से स्थानीय नागरिकों में अब इस जानलेवा समस्या से जल्द निजात मिलने की उम्मीद जगी है।

Back to top button