छापेमारी में नामी कंपनियों के भारी मात्रा में नकली उत्पादन बरामद 

प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक दुकान और उसके गोदाम पर पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी

रामनाथ रावत

सीतापुर। सिधौली में स्थानीय तहसील मार्ग स्थित एक प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक दुकान और उसके गोदाम पर पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में ब्रांडेड कंपनियों के नकली उत्पाद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

तहसील मार्ग पर स्थित रमन अरोड़ा की इलेक्ट्रिक दुकान और गोदाम पर काफी समय से नकली उत्पाद बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शुक्रवार को नामी कंपनियों के प्रतिनिधि प्रभात गुप्ता ने स्थानीय पुलिस बल के साथ मिलकर दुकान और गोदाम पर औचक छापा मारा छापेमारी के दौरान गोदाम से पांडा, ऊषा और प्रेस्टीज जैसी देश की प्रतिष्ठित कंपनियों के हूबहू दिखने वाले नकली इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद और उपकरण भारी मात्रा में बरामद हुए। इन नकली सामानों को असली बताकर ऊंचे दामों पर ग्राहकों को बेचा जा रहा था।

पुलिस ने मौके से सारा अवैध और नकली सामान जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। कंपनी प्रतिनिधि प्रभात गुप्ता की तहरीर और शिकायत के आधार पर सिधौली पुलिस ने आरोपी दुकान स्वामी रमन अरोड़ा के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट और धोखाधड़ी की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इन नकली उत्पादों की सप्लाई कहां से की जा रही थी।

Back to top button