कांवड़ यात्रा के दौरान भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई- एसपी

धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली या भड़काऊ पोस्ट

रामनाथ रावत

सीतापुर। शिवभक्तों की पावन कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और निर्बाध संपन्न कराने के लिए सीतापुर पुलिस ने कमर कस ली है।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने आस्था के इस महापर्व के लिए सुरक्षा व्यवस्था का एक व्यापक खाका तैयार किया है। इस बार पुलिस प्रशासन का मुख्य फोकस चहलारी घाट और गोला गोकर्णनाथ जाने वाले सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर रहेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए नदी के घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराई जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या हादसे को रोका जा सके।

इसके साथ ही, कांवड़ियों के मार्ग को सुगम बनाने के लिए सड़कों की स्थिति सुधारने हेतु संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए जा चुके हैं।एसपी अंकुर अग्रवाल ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की खुफिया और आईटी विंग हर एक पोस्ट पर पैनी नजर रख रही है।

धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली या भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे सीतापुर को सेक्टर और जोनल स्कीम में विभाजित किया गया है।

मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीमें हर क्षेत्र में मुस्तैद रहेंगी। कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार और सोमवार को होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए इन दिनों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से भी शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण माहौल में यात्रा पूरी करने की अपील की है।

Back to top button