
रामनाथ रावत
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सोमवार को थानगांव थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम बालिका के साथ दरिंदगी करने वाले हैवान को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने वारदात को बेहद गंभीरता से लिया था। उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में थानगांव पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार ताबड़तोड़ दबिश दे रही थी।
मंगलवार की सुबह पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि मासूम से दरिंदगी में शामिल आरोपी बेर्रा गांव के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, तो खुद को घिरा देख शातिर आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान अवधराम उर्फ भोले शंकर (पुत्र बुद्धा), निवासी ग्राम सद्दुपुर महरिया, थाना सदरपुर, सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 12 बोर का एक अवैध तमंचा,दो जिंदा कारतूस,दो खोखा कारतूस व 350 रुपये नकद बरामद किए हैं।
खौफनाक वारदात का महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दरिंदे को सलाखों के पीछे भेजने वाली थानगांव पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य की उच्चाधिकारियों ने पीठ थपथपाई है। सीतापुर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने इस शानदार सफलता पर पुलिस टीम को 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





