योग स्वस्थ जीवनशैली का बने आधार : उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा

योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि संतुलित, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की प्रभावी साधना

रिपोर्ट – सिद्धार्थ जैन

जयपुर। उपमुख्यमंत्री एवं आयुष मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि संतुलित, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की प्रभावी साधना है।

डॉ. बैरवा ने गुरुवार सुबह जयपुर स्थित अपने राजकीय आवास के उद्यान परिसर में परिवार एवं सहायकों के साथ विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान क्रियाओं का अभ्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, मन को स्थिरता मिलती है और जीवन में संतुलन स्थापित होता है। योग मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है।

उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो आज पूरी दुनिया में स्वास्थ्य और कल्याण के मार्ग के रूप में स्वीकार किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे स्वस्थ जीवनशैली का स्थायी आधार बनाना चाहिए। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बन सकता है।

Back to top button