उत्तर प्रदेश में कक्षा आठ तक के सभी स्कूल 4 अप्रैल तक बन्द

लखनऊ उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा है। कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए उत्‍तर प्रदेश में फिर सतर्कता बढ़ा दी गई है। कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते देख शासन ने निर्णय लिया है कि कक्षा आठ तक के सभी स्कूल चार अप्रैल तक बंद रहेंगे। गौरतबल है क‍ि होली के पर्व को देखते हुए सभी स्कूल 31 मार्च तक के लिए बंद किए गए थे।

मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि अब कोरोना के मामले बढ़ते देख शासन ने कक्षा आठ तक के सभी स्कूल रव‍िवार तक बंद रखने का न‍िर्णय ल‍िया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी कार्यक्रम के आयोजन पर रोक नहीं है, लेकिन जुलूस, कार्यक्रम और सार्वजनिक समारोह के लिए अब प्रशासन की अनुमति जरूर लेनी होगी।

प्रदेश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मार्च में हर दिन नए मामलों की संख्या बढ़ने का सिलसिला जारी है। प्रदेश में कोरोना से संक्रमित 1368 नए रोगी मिले हैं। पांच मरीजों की मौत हो गई है, जबकि 299 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। बीते 24 घंटे के दौरान लगातार चौथे दिन लखनऊ में 400 से अधिक मरीज म‍िले हैं।

मंंगलवार को 446 नए संक्रम‍ित म‍िले और चार मरीजों की मौत हुई है। लखनऊ में सक्रिय मरीजों की संख्या फिर तीन हजार के करीब पहुंच गई है।सचिवालय में खाद्य एवं रसद विभाग के बाद अब वित्त विभाग में भी कोरोना का संक्रमण फैल गया है। विशेष सचिव ओपी द्विवेदी और कुछ कर्मचारियों के भी कोरोना संक्रमित होने सूचना मिली है। पहले खाद्य एवं रसद विभाग में 14 कर्मचारी संक्रमित पाए जा चुके हैं। इन दिनों लगभग सभी दफ्तरों, प्रतिष्ठानों में रोजाना कोविड-19 पॉजिटिव मरीज की संख्या बढ़ रही है। कभी सचिवालय, कभी बैंक, कभी स्कूल, कभी होटल तो कभी पुलिस, रेलकर्मी या नगर निगम कर्मी पॉजिटिव हो रहे हैं।

Rajeev Jain

rajeevcrime@gmail.com

Leave a Reply

Back to top button